मोतिहारी, 8 जून 2026: मानसून पूर्व तैयारियों और मेंटेनेंस के बड़े-बड़े दावों के बीच सोमवार की शाम आई महज 15 मिनट की आंधी और बारिश ने बिजली विभाग की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई तेज हवा और बारिश के बाद शहर सहित जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक कई क्षेत्रों में बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं।
सबसे अधिक परेशानी चांदमारी फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम से बंद हुई बिजली देर रात तक बहाल नहीं हो सकी थी। घरों में इनवर्टर जवाब देने लगे हैं, जबकि पानी की आपूर्ति और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली विभाग हर साल प्री-मानसून मेंटेनेंस, जर्जर तारों के बदलाव और फॉल्ट सुधार के दावे करता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आती है। लोगों का आरोप है कि अगर नेटवर्क को वास्तव में मजबूत किया गया होता तो केवल 15 मिनट की आंधी में पूरी व्यवस्था चरमरा नहीं जाती।
शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बिजली बाधित होने की शिकायतें सामने आई हैं। दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। गर्मी और उमस के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई है।
उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया है कि जब विभाग मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने का दावा कर रहा था, तो मामूली आंधी के बाद घंटों तक बिजली आपूर्ति बहाल क्यों नहीं हो सकी। लोगों ने फॉल्ट की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने और शीघ्र आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
- शाम 5 बजे के बाद से कई इलाकों में बिजली ठप
- चांदमारी फीडर से देर रात तक आपूर्ति शुरू नहीं
- गर्मी और उमस से लोग परेशान
- प्री-मानसून मेंटेनेंस के दावों पर उठे सवाल
- कारोबार और घरेलू कामकाज प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि 15 मिनट की आंधी में ही बिजली व्यवस्था जवाब दे रही है तो मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
Keywords: Motihari News, Power Cut Motihari, Chandmari Feeder, Electricity Department Bihar, East Champaran News, Bihar Power Crisis, Motihari Breaking News
Daily Breakings |
Latest Bihar News
