मामला हरसिद्धी थाना क्षेत्र का है। तीनों छात्राएं आपस में सहेली हैं और एक ही गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं। पहचान सुरक्षित रखने के लिए खबर में उनके काल्पनिक नाम राधा, पूजा और नेहा रखे गए हैं। रविवार को तीनों एक साथ हरसिद्धी बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
थाने में दिया गया लिखित आवेदन
लापता छात्राओं में से एक के पिता ने हरसिद्धी थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी सहित गांव की दो अन्य छात्राओं के लापता होने की जानकारी दी है। आवेदन के अनुसार, तीनों छात्राएं रविवार को एक साथ बाजार गई थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी छात्राओं की तलाश की गई, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
CCTV फुटेज में बाजार में घूमती दिखीं तीनों
हरसिद्धी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने बाजार में लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला है। फुटेज में तीनों छात्राएं बाजार में घूमती हुई दिखाई दे रही हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
छापेमारी और पूछताछ में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। छात्राओं की बरामदगी के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने जल्द ही तीनों छात्राओं को बरामद कर लेने की बात कही है।
इधर, तीनों छात्राओं के एक साथ लापता होने की घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग छात्राओं की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
