1.22 करोड़ की योजना कागजों में, सड़क पर हो रही फजीहत
न्यू चांदमारी वार्ड 24 में सड़क और नाला निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखा।
मोतिहारी: न्यू चांदमारी वार्ड 24 में सड़क और नाला निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। मोहल्लावासियों का कहना था कि बदहाल रास्ते और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है और सड़क पर जलजमाव के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को पानी व कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। आए दिन लोगों के गिरने की शिकायत भी सामने आती है। इसी समस्या को लेकर मोहल्लेवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और नगर निगम से अविलंब सड़क व नाला निर्माण शुरू कराने की मांग की।
सबसे बड़ा सवाल: योजना बनी तो निर्माण क्यों नहीं?
सबसे अहम बात यह है कि जिस सड़क और नाला के लिए लोग आज आंदोलन कर रहे हैं, उसके निर्माण का नगर निगम की ओर से वर्ष 2023-24 में ही एक करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक का प्राक्कलन तैयार किया गया था। निगम के दस्तावेज में प्रस्तावित योजना को जनहित में आवश्यक बताते हुए कहा गया है कि इसके निर्माण से आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण होगा।
वहीं, स्थल जांच से संबंधित रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख है कि विगत पांच वर्षों के अंदर वहां कोई निर्माण कार्य नहीं किया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब समस्या की पहचान पहले ही हो चुकी थी और योजना के लिए प्राक्कलन भी तैयार कर लिया गया था, तो अब तक निर्माण कार्य क्यों शुरू नहीं हुआ।
कागजों में दर्ज योजना
- प्राक्कलन राशि: 1,22,15,600 रुपये
- स्थान: न्यू चांदमारी वार्ड 24
- प्रस्तावित कार्य: आरसीसी नाला एवं पीसीसी सड़क
- प्राक्कलन नगर आयुक्त के कार्यालय पत्रांक 3312, दिनांक 26 अक्टूबर 2023 के आलोक में तैयार किए जाने का उल्लेख
जदयू नेता के घर से धनौती नदी तक नाला प्रस्तावित
नगर निगम के दस्तावेज के अनुसार न्यू चांदमारी वार्ड 24 में जदयू नेता सुनील सिंह के घर से राकेश्वर संगीत कला की ओर तथा विनोद कुमार गुप्ता के घर से होते हुए धनौती नदी तक आरसीसी नाला निर्माण प्रस्तावित किया गया था। इसके अलावा शेष भाग में पीसीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव था।
इसके लिए तैयार प्राक्कलन में 1,22,15,600 रुपये की अनुमानित राशि दर्ज है। दस्तावेज में बताया गया है कि योजना के लिए स्थल जांच के बाद प्राक्कलन तैयार किया गया। इसमें योजना को जनहित में आवश्यक बताते हुए निर्माण से आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की बात कही गई है।
प्रशासनिक स्वीकृति और राशि आवंटन की प्रक्रिया का भी उल्लेख
नगर निगम की ओर से सात फरवरी 2024 को जारी पत्र में योजना के प्रशासनिक अनुमोदन एवं राशि आवंटन की प्रक्रिया का उल्लेख किया गया है। पत्र में पहले तैयार 1,22,15,600 रुपये के प्राक्कलन तथा बाद में 99,27,000 रुपये के प्राक्कलन का भी जिक्र है।
पत्र के अनुसार योजना से संबंधित प्रस्ताव सशक्त स्थायी समिति की बैठक में अनुमोदन की प्रक्रिया से भी गुजरा। इसके बावजूद धरातल पर सड़क और जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। यही वजह है कि स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ रहा है।
स्थानीय लोगों की मुख्य मांग
- सड़क निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराया जाए।
- प्रस्तावित नाला निर्माण कराया जाए।
- जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात दिलाई जाए।
- योजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए।
लोगों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे मोहल्लावासियों का कहना था कि कागज पर योजना और प्राक्कलन तैयार होने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। बरसात में जलजमाव के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। पानी और कीचड़ के बीच लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए आवाजाही करनी पड़ती है।
About The Author“यदि जल्द सड़क और नाला निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो आगामी चुनाव में वोट बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा।”

