पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से कोचिंग जा रही 16 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा चकिया-केसरिया मुख्य पथ पर स्थित भाग्यनगर नहर के समीप हुआ। मृतका की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव निवासी बिगन राम की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह अपनी साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए चैनपुर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे झारखंड नंबर के एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर चकिया-केसरिया मुख्य पथ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। इस वजह से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर ही ट्रक को पकड़ लिया, लेकिन मौका पाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
मोतिहारी में तेज रफ्तार ट्रक ने कोचिंग जा रही छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत के बाद ग्रामीणों का हंगामा
खबर: Brajesh Jhaसंपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव
📢 ताज़ा खबरें सीधे WhatsApp परWhatsApp चैनल से जुड़ें
