मोतिहारी: भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से जूझ रहे लोगों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। शहर के खुदानगर मोहल्ले में पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से नाराज सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने मुजफ्फरपुर-रक्सौल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-28) को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों, विशेषकर विद्युत प्रमंडल के एसडीओ की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए और उनकी मनमानी से आम उपभोक्ताओं के त्रस्त होने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया तथा बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में यात्रियों और राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
छह दिन पहले जला ट्रांसफार्मर, अब तक नहीं बदला
स्थानीय लोगों के अनुसार खुदानगर मोहल्ले का ट्रांसफार्मर छह दिन पहले जल गया था। इसके बाद से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप है। लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई। कनीय अभियंता से लेकर एसडीओ तक आवेदन और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सरकार के निर्देश के अनुसार जले हुए ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के भीतर बदलने का प्रावधान है, लेकिन छह दिन बीत जाने के बावजूद विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। लोगों ने आरोप लगाया कि विद्युत एसडीओ के रवैये के कारण उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है और आम जनता लगातार परेशान हो रही है।
‘फोन नहीं उठाते अधिकारी, सुनवाई भी नहीं’
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी न तो समय पर फोन उठाते हैं और न ही मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करते हैं। लोगों का कहना था कि जब तक सड़क पर उतरकर विरोध नहीं किया जाता, तब तक विभाग हर शिकायत को नजरअंदाज करता रहता है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। पेयजल संकट भी गहरा गया है, लेकिन विभाग के अधिकारी कार्यालयों में बैठकर केवल आश्वासन देने का काम कर रहे हैं।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही छतौनी थाना और यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय पासवान ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों को दी जाएगी और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अविलंब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
