मोतिहारी. बिहार में चल रही सिपाही भर्ती परीक्षा के प्रथम चरण की परीक्षा समाप्त होने के बाद रविवार को मोतिहारी शहर में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परीक्षा केंद्रों से एक साथ निकले हजारों परीक्षार्थियों के कारण बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। शहर के कई हिस्सों में घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा समाप्त होते ही अधिकांश परीक्षार्थी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की ओर रवाना हो गए। देखते ही देखते स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रेनों में सीट पाने और घर लौटने की जल्दबाजी में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड पर भी यात्रियों की भारी भीड़ रही। वाहनों की सीमित उपलब्धता के कारण कई परीक्षार्थियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्टेशन रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
शहर के गांधी चौक, मीना बाजार, छतौनी चौक, बलुआ चौक, अस्पताल रोड और स्टेशन रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव अचानक बढ़ गया। परीक्षा केंद्रों से निकल रहे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ के कारण कई जगहों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सामान्य दिनों की तुलना में लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी अधिक समय लगा।
प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद परीक्षा समाप्ति के बाद एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के बाहर निकलने से यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ गया।
रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस लगातार निगरानी करती रही। स्टेशन परिसर में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि देर शाम तक भीड़ धीरे-धीरे कम होने लगी और शहर की यातायात व्यवस्था सामान्य होती गई।
