मोतिहारी। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में सोमवार देर संध्या अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। भेड़िहरवा निवासी सोना-चाँदी व्यवसाई कृष्णा साह को बाइक सवार अपराधियों ने कृष्णा गैस एजेंसी के गोदाम के पास गोली मारकर घायल कर दिया और जेवर से भरा झोला लूट कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, व्यवसाई दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी बीच बाइक से आए अपराधियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जब उन्होंने लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने उनके पैर में गोली मार दी और जेवरात से भरा झोला लेकर फरार हो गए। गोली लगने से घायल कृष्णा साह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर डीएसपी के नेतृत्व में SIT का गठन किया है। टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
