आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरसरैया कसवा गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम रौशन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी प्रदीप शर्मा के पुत्र के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,ट्रक तुरकौलिया की ओर से रही थी, इसी दौरान रौशन सड़क पार करने का प्रयास किया तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और ट्रक के शीशे तोड़ डाले। बाद में चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूचना मिलने पर तुरकौलिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा ट्रक व चालक को थाने ले जाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मासूम की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मां का रो-रो कर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगे और इस हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए।

