Thursday, 17 September 2026 LIVE DB Breakings — खबर सबसे पहले
मोतिहारी और बिहार की ताजा खबरें
BREAKING
Advertisement
Helioxen technologies

चंवर में डूबने से छह बच्चों की दर्दनाक मौत

2 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें
  • एक को बचाने में सभी समाए पानी में, घटना रखवा पंचायत के रखवा नहर की बताई जा रही है

मोतिहारी: जिले के केसरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरगांवा गांव में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में छह बच्चों की चंवर में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना रखवा पंचायत के रखवा नहर के समीप की बताई जा रही है। हादसा मंगलवार शाम करीब छह बजे उस समय हुआ, जब सभी बच्चे ग्रहण के बाद स्नान करने गए थे।मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बच्चे रोज की तरह शाम करीब चार बजे घर से निकले थे। उनका रोज का रूटीन था—घास काटना, बकरियां चराना और फिर नहर व चंवर के पास खेलना। मंगलवार को भी बच्चे बकरियां चराने के बाद नहर किनारे पहुंचे और पानी में नहाने लगे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा बच्चा आगे बढ़ा, लेकिन वह भी पानी में समा गया। देखते ही देखते एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में सभी छह बच्चे गहरे पानी में डूब गए।

मृतकों में तीन सगी बहनें—दीक्षा कुमारी (12), सोनाक्षी कुमारी (9) और प्रिया कुमारी (6), जो धर्मेंद्र सहनी की पुत्रियां थीं, शामिल हैं। इसके अलावा सोनाली (12), पिता कामेश्वर सहनी, तथा प्रिंस (11) और छोटी (8), दोनों पिता मनोज सहनी, की भी मौत हो गई। प्रिंस और छोटी सगे भाई-बहन बताए जाते हैं।घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ छह बच्चों की मौत से लोहरगांवा गांव शोक में डूब गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

About The Author

Enable Notifications OK No thanks