मोतिहारी: खाद की कालाबाजारी और अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 670 बोरा यूरिया जब्त किया है।
सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चन्दरहिया में छापेमारी की। इस दौरान एक ट्रक पर लदा 670 बोरा यूरिया बरामद किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यूरिया से लदा ट्रक आरा से मोतिहारी पहुंचा था। जांच के दौरान खाद के परिवहन और कारोबार से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर टीम ने ट्रक समेत यूरिया को जब्त कर लिया।
छापेमारी की भनक लगते ही ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर जांच कर रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जब्त यूरिया के स्रोत और इसके अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में मुफस्सिल थाना पुलिस के साथ कृषि विभाग की टीम भी शामिल है।
खाद की कालाबाजारी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को मिलने वाली खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई की प्रमुख बातें
- मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चन्दरहिया में छापेमारी।
- ट्रक से 670 बोरा यूरिया जब्त।
- यूरिया लदा ट्रक आरा से मोतिहारी पहुंचा था।
- ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार।
- पुलिस और कृषि विभाग कर रहे मामले की जांच।

