बेतिया: पश्चिम चंपारण के बेतिया में सोमवार की देर शाम एक स्वर्ण कारोबारी को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली कारोबारी के सीने में लगी है। गंभीर हालत में उन्हें जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
गोविंदा साह
दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली सीने में लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना देने के बाद घायल कारोबारी को इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्वर्ण कारोबारी को गोली मारने के पीछे अपराधियों का मकसद क्या था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि या नई जानकारी सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।
