– आशा कुमारी
पूर्वी चम्पारण जिले के कोटवा थाना के मच्छरगांवा पैक्स गोदाम से चोरो ने तेरह सौ क्विंटल धान चोरी कर लिया है। चोरी गई धान धान की कीमत 29.90 लाख है। उक्त धान पैक्स अध्यक्ष सुशील सिंह द्वारा किसानों से खरीद कर रखा गया था। चोरी का खुलासा उस समय हुआ जब मिलर धान ले जाने के लिए ट्रक को भेजा। जब गोदाम खोले जाने का प्रयास किया जाने लगा तो ताला खुल ही नहीं रहा था। बहुत कोशिश के बाद पता चला कि जो ताला अध्यक्ष द्वारा लगाया गया था वह ताला न होकर कोई दूसरा ताला लगा है। शंका होने पर खिड़की से देखा गया तो धान की एक भी बोरी गोदाम में नहीं थी। बताया जा रहा है कि गांव से दूर गोदाम होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि धान की चोरी कई दिनों तक किया जाता रहा है। चोरी के बाद चोर गोदाम में ताला लगा देते थे जिससे घटना का खुलासा नहीं हो पा रहा था। पैक्स अध्यक्ष सुशील सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 – 25 में धान अधिप्राप्ति कर गोदाम में रखा गया था। विगत फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में जांच के दौरान गोदाम खोला गया था। जांच के बाद से गोदाम बंद था। मिलर द्वारा धान ले जाने के लिए गोदाम का ताला खोलने पर नहीं खुल रहा था। खिड़की से देखने पर गोदाम में धान की बोरी नहीं था। चोरी की घटना को लेकर थाना को आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है मामले की जांच की जा रही है।
