
आशा कुमारी
मोतिहारी, बिहार। पूर्वी चंपारण में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का खतरनाक ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा। शादी-ब्याह जैसे पवित्र मौकों को गुंडई का अखाड़ा बनाकर कुछ युवा कानून को ठेंगा दिखा रहे हैं। ताजा मामला हरसिद्धि और पीपरा थाना क्षेत्र का है, जहां हथियार लहराते वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है।
हरसिद्धि में “तमंचे पर डिस्को” मामले में युवक को जेल:
हरसिद्धि के दुदही मलाही टोला में 29 अप्रैल की रात एक शादी समारोह में रवि राज ने स्टेज पर कट्टा लहराकर हंगामा मचाया था। “तमंचे पर डिस्को” करता यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैला, जिसने पुलिस की नींद उड़ा दी। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार सिन्हा ने तुरंत एसपी स्वर्ण प्रभात को इसकी सूचना दी। जहां एसपी के कड़े निर्देश के बाद पुलिस ने छापेमारी कर रवि राज को धर दबोचा है। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। रवि ने पुलिस की पूछताछ में कबूला कि हथियार उसके बड़े भाई राज रौशन और दो अन्य साथियों ने उसे “थोड़े समय के लिए” थमाया था।
इधर पुलिस ने राज रौशन और उसके साथियों की तलाश में दबिश तेज कर दी है।
अरेराज एसडीपीओ रंजन कुमार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “शादी जैसे सामाजिक मौकों पर हथियार लहराना सिर्फ कानून का मखौल नहीं, बल्कि समाज में खौफ और अराजकता फैलाने की साजिश है। ऐसे गुंडों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
सोशल मीडिया बना गुंडई का अड्डा: बता दे कि आज ही पीपरा पुलिस ने भी ऐसे ही एक मामले में राजन सहनी नाम के युवक की गिरफ्तारी की है।
हरसिद्धि और पीपरा की इन घटनाओं ने मोतिहारी में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया अब सिर्फ रील्स और मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि गुंडई और दहशत फैलाने का हथियार बनता जा रहा है। स्थानीय लोग भी इन घटनाओं से अजीज हो चले हैं। हरसिद्धि के एक स्थानीय निवासी ने गुस्से में कहा, “शादी-ब्याह में हथियार लहराना शर्मनाक है।
हथियारबाजों की खैर नहीं:
मोतिहारी पुलिस ने साफ कर दिया है कि हथियारबाजी का यह गंदा खेल अब और नहीं चलेगा। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, “हमारी टीमें सोशल मीडिया पर पैनी नजर रख रही हैं। हथियार लहराने वाला कोई भी शख्स कानून की गिरफ्त से नहीं बच पाएगा।” पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना दें, ताकि अपराधियों को समय रहते पकड़ा जा सके।
हरसिद्धि में रवि राज की गिरफ्तारी और पीपरा में एक अभियुक्त का पकड़ा जाना पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई का सबूत है।
लेकिन सवाल यह है कि क्या यह ट्रेंड अब रुकेगा? या फिर मोतिहारी के युवा कानून को चुनौती देते रहेंगे? हमारा न्यूज पोर्टल इस मामले पर नजर रखेगा, क्योंकि सच को सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।


