आशा कुमारी।
मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र अंतर्गत छपड़ा बिहारी पुल के पास देर रात पुलिस गस्ती गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमे एक दरोगा सहित चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए है। जख्मी मे दो महिला पुलिसकर्मी शामिल है। इस हादसे में दारोगा रामदत्त समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी जख्मी को मोतिहारी सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए गश्ती गाड़ी के चालक राजमंगल साव ने बताया कि वे रात्रि लगभग 1:15 बजे नवादा से बैंक की सुरक्षा जांच कर पुलिस के साथ लौट रहे थे। जैसे ही छपड़ा बिहारी पुल के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
चालक राजमंगल ने बताया कि होश आने पर उन्होंने सबसे पहले सामने का शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, फिर एक-एक कर सभी पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकाला। सभी को सुरक्षित निकालने के बाद वे खुद भी बेहोश हो गए और जब होश आया, तो खुद को सदर अस्पताल में पाया।
पुलिस गश्ती गाड़ी में दारोगा रामदत्त, सिपाही श्वेता, सिपाही कंचन और चालक राजमंगल सवार थे। हादसे में चालक राजमंगल और सिपाही कंचन को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सिपाही श्वेता के घुटने में चोट और हाथ में शीशा चुभ गया है। तीनों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चालक राजमंगल दिनभर ड्यूटी करने के बाद रात की गश्ती ड्यूटी पर तैनात था। अत्यधिक थकान और पर्याप्त आराम न मिलने की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।




