आशा कुमारी
मोतिहारी।
शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की टॉर्च दूर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व नगर आयुक्त श्री सौरभ सुमन यादव ने किया, जिनके साथ उप विकास आयुक्त एस आरएस पांडेय एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं नागरिक गण उपस्थित हुए। इस अवसर पर टॉर्च टूर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त श्री यादव ने कहा कि बिहार अब खेलों के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्ल्ड क्लास स्टेडियम का निर्माण हो चुका है और खेलों को बढ़ावा देने हेतु अलग से खेल मंत्रालय का गठन किया गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि मोतिहारी में भी खेल विकास की दिशा में प्रयास जारी हैं और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर खेल मैदानों का निर्माण कराया जा रहा है। यह भी जानकारी दी गई कि बिहार राज्य की तलवारबाजी टीम का आवासीय प्रशिक्षण 3 अप्रैल से 2 मई तक खेल भवन, मोतिहारी में आयोजित हो रहा है।
उप विकास आयुक्त एस आरएस पांडे ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके जोश एवं समर्पण की सराहना की।
जिला खेल पदाधिकारी श्री शुभम ने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 4 मई से 15 मई तक बिहार के पांच प्रमुख शहरों — पटना, गया, भागलपुर, राजगीर एवं बेगूसराय में किया जा रहा है। इस बार कुल 27 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें पटना में सबसे अधिक 11 खेल जैसे एथलेटिक्स, रग्बी, वॉलीबॉल, ई-स्पोर्ट्स, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, टेनिस, कुश्ती, जुडो, टेबल टेनिस और रोड साइकलिंग शामिल हैं।
खेलो इंडिया टॉर्च यात्रा 14 अप्रैल से शुरू हुई है और पूरे बिहार में जन जागरूकता के साथ खेल संस्कृति को सशक्त करने का कार्य कर रही है। मोतिहारी में आयोजित इस स्वागत समारोह ने यह संदेश दिया कि बिहार खेल के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने को तैयार है।
5
/ 100
SEO Score
