मोतिहारी, 14 जून 2025: मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स के आतिथ्य में बीरगंज वाणिज्य उद्योग संघ और मोतिहारी चैंबर के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक मोतिहारी के एक होटल में संपन्न हुई। बीरगंज चैंबर से अध्यक्ष हरिप्रसाद गौतम के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मोतिहारी पहुंचा। मोतिहारी चैंबर के अध्यक्ष अंगद सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और परिचय कराया।

बैठक में स्थानीय सांसद और पूर्व कृषि कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह के साथ दोनों चैंबर के पदाधिकारियों ने व्यापार, उद्योग और सीमा पार समस्याओं पर चर्चा की। बीरगंज चैंबर ने सांसद का सम्मान किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने गांधी जी से जुड़े स्थलों, जिसमें चरखा पार्क शामिल था, का भ्रमण किया।होटल रामसन प्लाजा में आयोजित संयुक्त बैठक में दोनों चैंबर ने एक-दूसरे के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। बैठक में नेपाल-भारत व्यापार की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मोतिहारी चैंबर ने नेपाल भंसार में लगने वाले समय, मुद्रा विनिमय की असमान दर, और 200-500 के नोटों के प्रचलन न होने की समस्या उठाई। साथ ही, सेमरा से हवाई सेवा को सुरक्षित करने का सुझाव दिया। बीरगंज चैंबर के अध्यक्ष ने इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बीरगंज चैंबर ने चकिया टोल प्लाजा पर नेपाली वाहनों के लिए फास्टैग सुविधा न होने और दोगुना टोल टैक्स की समस्या बताई। उन्होंने पटना और मोतिहारी आने वाले नेपाली मरीजों के लिए विशेष सुविधाओं की मांग की। साथ ही, पटना में एक वृहद बैठक का प्रस्ताव रखा, जिसमें मोतिहारी, बेतिया, मुजफ्फरपुर, पटना, बीरगंज, कलैया और मधेश प्रदेश के चैंबर के साथ राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हों।बैठक में चंपारण में उद्योगों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में संयोजक मनीष कुमार, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र जालान, रवि कृष्ण लोहिया, सुधीर अग्रवाल, संजय जायसवाल, राजीव विजडम, डॉ. विवेक गौरव, महासचिव आलोक कुमार, उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, कोषाध्यक्ष अभिषेक लोहिया सहित शहर के प्रमुख व्यवसायी उपस्थित थे।
सूचना श्रोत: महासचिव सह मीडिया प्रभारी आलोक कुमार
