– ट्रक का ड्राइवर गिरफ्तार
– तस्करी करने वाले माफिया की तलाश में जुटी पुलिस
मेहसी: मेहसी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भीमलपुर के पास एक 10 चक्का ट्रक से 50 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 214 पेटी, कुल 1926 लीटर अवैध शराब बरामद की।
बरामद शराब को चालाकी से गिट्टी के नीचे छिपाकर मुजफ्फरपुर के रास्ते ले जाया जा रहा था। जहां मेहसी थाना के SHO सानू गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई शुरू की। देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी में गिट्टी के नीचे छिपाई गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

ट्रक के ड्राइवर रामबाबू दास (37 वर्ष, निवासी रसूलपुर जुनैदा, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में ड्राइवर ने शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां दीं, जिसके आधार पर पुलिस ने शराब माफिया को चिन्हित कर लिया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि यह शराब तस्करी का बड़ा रैकेट है, जिसके तार कई जिलों से जुड़े हो सकते हैं। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। शराब कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। एसपी ने कहा, “हमारा मकसद इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचना और इसे पूरी तरह खत्म करना है।”
स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई की खूब चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि मेहसी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा था, लेकिन पुलिस की इस सख्ती से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब्त शराब की कीमत बाजार में 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है, और इसकी सप्लाई बिहार के विभिन्न हिस्सों में की जानी थी। गिरफ्तार ड्राइवर रामबाबू दास से पूछताछ में और भी खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेहसी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच के अगले चरण में पुलिस उन बड़े माफियाओं को निशाने पर ले रही है, जो इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे हैं।
