- सुबह पांच बजे से होगी आमजनों की एंट्री
- पुरुष व महिलाओं के लिए अलग अलग एंट्री की रहेगी व्यवस्था
- मोबाइल के अलावा किसी भी अन्य वस्तु को ले जाने पर होगी पाबंदी, पानी का बोतल भी नहीं ले जा सकेंगे लोग
मोतिहारी, 16 जुलाई 2025: भारत के प्रधानमंत्री के 18 जुलाई को मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रिगण, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और अन्य विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।आज उप पुलिस महानिरीक्षक (बेतिया प्रक्षेत्र), जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि सुबह 5 बजे से गांधी मैदान में आम लोगों का प्रवेश शुरू होगा। प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं, जिनमें गेट नंबर 7 से 12 तक आम जनता के लिए हैं। गेट नंबर 11 और 12 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि गेट नंबर 7 से 10 पुरुषों के लिए। प्रवेश के दौरान मोबाइल को छोड़कर कोई सामान, यहां तक कि पानी की बोतल भी, ले जाना प्रतिबंधित है। मैदान में पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।गेट नंबर 1 से 5 अति विशिष्ट व्यक्तियों और गेट नंबर 6 मीडिया व विशिष्ट व्यक्तियों के लिए आरक्षित है।

सुरक्षा के लिए दो स्तरों पर डीएफएमडी के साथ कड़ी जांच की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी सुबह 5 बजे और यातायात प्रबंधन के लिए 4 बजे अपने स्थल पर उपस्थित रहें। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ सहयोगपूर्ण और विनम्र व्यवहार करने का निर्देश दिया।
उप पुलिस महानिरीक्षक ने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का सख्ती से पालन करने और समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।यातायात और पार्किंग के लिए चीनी मिल के पास हवाई अड्डा मैदान, चीनी मिल परिसर, जिला स्कूल मैदान और वेयरहाउस के पीछे की जगह को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी।
ब्रीफिंग में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, एडीएम, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने इस आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है।
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार; मोतिहारी पुलिस; बिहार पुलिस
