चकिया, 27 अप्रैल: शहर के बाईपास चौक के पास एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक युवती और उसके नवजात की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित स्वजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामला उस समय और बिगड़ गया, जब परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन के इशारे पर कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान पीपरा थाना क्षेत्र के चिंतामनपुर टोला राघवघरी वार्ड नंबर 10 निवासी चांदनी कुमारी (22) के रूप में हुई है। चांदनी के पति सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार शाम चार बजे प्रसव पीड़ा शुरू होने पर पत्नी को चकिया के सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार देर शाम प्रसव के दौरान चांदनी और उनके बच्चे की मौत हो गई। सत्येंद्र ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि हंगामा करने पर अस्पताल कर्मियों ने बाहरी लोगों को बुलाकर उनके परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला किया।घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
