मोतिहारी (डेली ब्रेकिंग्स)। सुगौली थाने के दरोगा शैलेश कुमार पर एक महिला से रिश्वत लेने और रात में परेशान करने के आरोप लगते ही पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। प्रखंड जनता दल (यूनाइटेड) के सुगौली प्रखंड अध्यक्ष अरविंद सिंह कुशवाहा द्वारा जिलाधिकारी को लिखे पत्र और उपलब्ध कॉल रिकॉर्डिंग के बाद यह कार्रवाई हुई।
जिलाधिकारी को लिखा गया पत्र
जदयू प्रखंड अध्यक्ष ने यह पत्र जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण को संबोधित किया है। पत्र का विषय है, सुगौली थाना के दरोगा शैलेश कुमार के द्वारा महिला को प्रताड़ित करने, रिश्वत लेने एवं रात को बुलाने के संबंध में। पत्र पर 10 नवंबर 2026 की तारीख और प्रखंड अध्यक्ष के हस्ताक्षर हैं।
पत्र संख्या 87, दिनांक 10 नवंबर 2026 के अनुसार, सुगौली थाना क्षेत्र की एक महिला के पति के खिलाफ उसी गांव के एक व्यक्ति द्वारा फर्जी (अगलगी) केस का आवेदन दिया गया था। शिकायत में आरोप है कि केस न करने के लिए दरोगा शैलेश कुमार ने 20 हजार रुपये की मांग की। महिला द्वारा 4 हजार रुपये दिए जाने के बावजूद फोन कर धमकी देना, प्रताड़ना और पैसे की मांग जारी रही। आरोप है कि पैसे न देने पर रात में गलत काम के लिए बुलाया जाता रहा।
ऑडियो-वीडियो सबूत देने का दावा
प्रखंड अध्यक्ष ने पत्र में लिखा है कि महिला ने उन्हें सूचना दी और सबूत के तौर पर ऑडियो-वीडियो उपलब्ध कराए। पत्र के मुताबिक, कॉल रिकॉर्डिंग सुनने पर यह प्रतीत होता है कि महिला से 4 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए गए और रात में गलत मंसूबे से बुलाया गया। उपलब्ध कॉल रिकॉर्डिंग में जमीन विवाद, माप-जोख, फर्जी केस और पैसे के लेन-देन से जुड़ी बातचीत दर्ज है। डेली ब्रेकिंग्स इस रिकॉर्डिंग की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।
अतिक्रमण को बताया विवाद की जड़
पत्र में मांग की गई है कि दरोगा पर कार्रवाई करते हुए महिला की जमीन के सामने हुए अतिक्रमण को हटाने की पहल की जाए। प्रखंड अध्यक्ष ने लिखा है कि सभी फसाद की जड़ अतिक्रमण ही है। शिकायत में अंचलाधिकारी सुगौली पर दो साल से अतिक्रमण के मामले को टालने का भी आरोप लगाया गया है।
एसपी ने किया निलंबित
पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण को भी भेजी गई थी। आरोप सामने आने के बाद एसपी ने दरोगा शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद अब मामले की जांच तेज होने की उम्मीद है। वहीं, अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत पर अंचल स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर भी लोगों की नजर है।
कुशवाहा ने जताया एसपी का आभार
जदयू प्रखंड अध्यक्ष अरविंद सिंह कुशवाहा से डेली ब्रेकिंग्स की बात हुई है। उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे विवाद की जड़ में कहीं न कहीं अंचल प्रशासन भी जवाबदेह है।
खबर: गुंजा कुमारी / संपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव
