मोतिहारी। शादी-विवाह के मौसम में पूर्वी चंपारण पुलिस ने आम लोगों के लिए खास पहल की है। हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी शादियों में पुलिस की ओर से सुरक्षा दी जाएगी। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है कि बेटियों की शादी सुरक्षित माहौल में हो, इसके लिए मोतिहारी पुलिस प्रतिबद्ध है। इसके लिए पुलिस ने “विवाह आयोजन सूचना प्रपत्र” जारी किया है, जिसे भरकर संबंधित थाने में जमा करना होगा।
प्रपत्र भरें, थाने में जमा करें और व्हाट्सएप भी करें
एसपी स्वर्ण प्रभात ने लोगों से अपील की है कि जिनके घर या परिसर में शादी-विवाह का आयोजन है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर अपने संबंधित थाने में जमा करें। साथ ही भरे हुए प्रपत्र को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9470248818 पर व्हाट्सएप भी करें, ताकि समय रहते आयोजन की जानकारी पुलिस तक पहुंच जाए और जरूरत के मुताबिक सुरक्षा की व्यवस्था की जा सके।
पुलिस के अनुसार प्रक्रिया तीन आसान चरणों में है: पहले प्रपत्र भरें, फिर उस पर हस्ताक्षर करें और उसके बाद संबंधित थाने में जमा करें।

प्रपत्र में देनी होगी ये जानकारी
- आवेदक का नाम
- पिता/पति का नाम
- मोबाइल नंबर
- पूर्ण पता एवं थाना क्षेत्र
- विवाह की तिथि
- आयोजन स्थल
- कार्यक्रम का समय
- विशेष सुरक्षा संबंधी आवश्यकता
हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित
पुलिस ने शादी समारोहों के लिए जरूरी सुरक्षा दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इनमें साफ कहा गया है कि हर्ष फायरिंग पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके अलावा लोगों से ये सावधानियां बरतने को कहा गया है:
- समारोह स्थल पर आने-जाने के रास्ते और आपातकालीन निकास खुले रखें।
- किसी भी प्रकार के विवाद या मारपीट से बचें।
- अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
- कीमती सामान और आभूषणों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।
- वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही लगाएं, सड़क पर जाम न लगाएं।
- ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करें।

आपात स्थिति में डायल 112
पुलिस ने कहा है कि किसी भी अप्रिय घटना, विवाद या आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9470248818 पर सूचना दें। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है, ताकि शादी का हर समारोह खुशी और सुरक्षा के माहौल में पूरा हो।
खबर: गुंजा कुमारी
संपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव
