डुमरियाघाट (मोतिहारी)। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रामपुर खजुरिया ओवरब्रिज के पास त्रिदेव धर्मकांटा के सामने सोमवार की देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और बालू लदे कंटेनर ट्रक की जोरदार टक्कर में एक युवक और दो साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामपुरवा डुमरिया गांव निवासी हीरालाल शर्मा के 36 वर्षीय पुत्र विजेश शर्मा तथा बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव निवासी अमरजीत शर्मा की दो वर्षीय पुत्री दिव्यांशी कुमारी के रूप में हुई है। घायल महिला की पहचान अमरजीत शर्मा की पत्नी रूबी देवी के रूप में की गई है।
मोतिहारी से घर लौट रहे थे तीनों
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों एक हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर मोतिहारी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर खजुरिया ओवरब्रिज के पास विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे कंटेनर ट्रक से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक और मासूम बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घायल महिला मोतिहारी रेफर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेन्दु ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
खबर: गुंजा कुमारी
संपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव
