पूर्णिया कप्तान पुल हादसा गुरुवार देर शाम पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया। जिला मुख्यालय में सौरा नदी पर बने कप्तान पुल पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुल पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पूर्णिया कप्तान पुल हादसा: कौन थे मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान डगरूआ प्रखंड के कोचैली निवासी बबलू विश्वास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह व्यवसायी थे और पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी शोक की लहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय पुल पर रोज की तरह वाहनों का अच्छा-खासा दबाव था। इसी दौरान तेज गति से आ रही फॉर्च्यूनर अचानक असंतुलित हो गई और जोरदार आवाज के साथ सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए नदी के गहरे पानी में समा गई। यह नजारा देखकर पुल से गुजर रहे राहगीर सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कार में कितने लोग सवार थे, इसे लेकर शुरुआत में असमंजस रहा, लेकिन अब तक एक व्यक्ति की मौत की ही जानकारी सामने आई है।
क्रेन से निकाली गई कार, नहीं बच सकी जान
हादसे की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी अभिनव पराशर और सदर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए गुलाबबाग जीरो माइल से बड़ी क्रेन मंगवाई गई। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कार के अंदर फंसे बबलू विश्वास दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के बाद कप्तान पुल पर भारी भीड़ जमा हो जाने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। बाद में पुलिस ने भीड़ को हटाकर क्षतिग्रस्त वाहन को किनारे कराया और आवागमन सामान्य कराया।
पुल की सुरक्षा पर उठे सवाल
कप्तान पुल शहर के सबसे व्यस्त पुलों में से एक है, जिससे होकर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। रेलिंग तोड़कर कार के नदी में गिरने की इस घटना ने पुल पर रफ्तार नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, क्या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी या रफ्तार ही वजह बनी, इसकी जांच पुलिस कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो सकेगी।
स्रोत: स्थानीय सूत्र
