ALTF की गुप्त सूचना पर कार्रवाई, मीना बाजार के पास स्कूटी छोड़कर भागा संदिग्ध तस्कर।
मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र स्थित मीना बाजार के समीप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी से शराब की खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान स्कूटी सवार संदिग्ध तस्कर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच पुलिस अब फरार तस्कर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल सदर ALTF प्रभारी धर्मवीर कुमार चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शराब तस्कर खेप लेकर डिलीवरी देने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर ALTF प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मीना बाजार के समीप कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने मौके पर एक संदिग्ध स्कूटी को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें से 57 पीस 8 PM फ्रूटी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब और स्कूटी को जब्त कर लिया है। जब्त शराब और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए छतौनी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब जब्त स्कूटी के मालिक और फरार तस्कर की पहचान में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

