डुमरियाघाट: थाना क्षेत्र के उत्तरी हुसैनी पंचायत स्थित कस्बा टोला गांव में शनिवार को पोखर में डूबने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मुन्ना ठाकुर के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
शौच के लिए पोखर के पास गया था बच्चा
ग्रामीणों के अनुसार, अंकित शनिवार को शौच के लिए पोखर के समीप गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। पोखर में पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।
काफी देर तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई खोजबीन
अंकित के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। देर शाम कुछ बच्चे शौच के लिए पोखर की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक बच्चे के शव पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शव की पहचान अंकित कुमार के रूप में होने के बाद परिवार में मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलने पर डुमरियाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय स्तर पर घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

