मोतिहारी। जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बंजरिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने दो गोदामों में छापेमारी कर 13,372 बोरा अवैध उर्वरक बरामद किया है। कार्रवाई के बाद बंजरिया थाना में कांड संख्या 519/26 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
दो गोदामों में छापेमारी, 13,372 बोरा उर्वरक बरामद
पुलिस के अनुसार बंजरिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली थी कि मेसर्स तरुण खाद बीज भंडार के बंजरिया पोखरा एवं चांटी माई रोड स्थित दोनों गोदामों में अनधिकृत तरीके से उर्वरक का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी और बंजरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों गोदामों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दोनों गोदामों से कुल 13,372 बोरा अवैध उर्वरक बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मामले में बंजरिया थाना में कांड संख्या 519/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कई अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 दिलीप कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सुरेश प्रसाद, अंचल पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, बंजरिया थानाध्यक्ष निभा कुमारी, अपर थानाध्यक्ष अम्बिका जयसवाल एवं पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल रहे।
खाद कालाबाजारी के खिलाफ लगातार कार्रवाई से बढ़ी सख्ती
बंजरिया क्षेत्र में उर्वरक के अवैध भंडारण और कालाबाजारी को लेकर हाल के दिनों में प्रशासन की लगातार कार्रवाई सामने आई है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में कई खाद गोदामों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में उर्वरक बरामद किया गया था और अवैध गोदामों को सील करने के साथ प्राथमिकी की कार्रवाई हुई थी।
लगातार हो रही कार्रवाई के बाद अब एक बार फिर बड़ी मात्रा में उर्वरक बरामद होने से क्षेत्र में खाद के अवैध भंडारण और कारोबार को लेकर प्रशासन की निगरानी और सख्त हो गई है।
आगे भी जारी रह सकती है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। बरामद उर्वरक के स्रोत, भंडारण और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन की कार्रवाई से यह संकेत मिला है कि उर्वरक की कालाबाजारी और अनधिकृत भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रह सकता है।
नोट: बरामदगी का आंकड़ा मोतिहारी पुलिस की ओर से जारी सूचना के आधार पर है।
खाद कालाबाजारी पर पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
बंजरिया क्षेत्र में उर्वरक के अवैध भंडारण और कालाबाजारी को लेकर प्रशासन की यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। हाल ही में लाइसेंस वाले स्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर अवैध रूप से संचालित खाद गोदाम का मामला सामने आया था। तीन दिनों तक चली जांच में गोदाम के संचालन, स्टॉक और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों में कई अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच के बाद संबंधित खाद कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
इससे जुड़ी पूरी पड़ताल और कार्रवाई को मोतिहारी में लाइसेंस स्थल से 5 किलोमीटर दूर मिले अवैध खाद गोदाम की पूरी खबर यहां पढ़ें।
अब इसी क्षेत्र में दो अलग-अलग गोदामों से 13,372 बोरा उर्वरक बरामद होने के बाद खाद के अवैध भंडारण और कारोबार को लेकर प्रशासन की कार्रवाई और जांच के दायरे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बरामद उर्वरक की प्रकृति, उसके स्वामित्व और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में आगे की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

