मध्याह्न भोजन से बच्चों के बीमार होने की घटना की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडियाकर्मी से अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप
पटना/सहरसा। सहरसा सदर अस्पताल में मध्याह्न भोजन से बच्चों के बीमार होने की घटना की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडियाकर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में बिहार स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार आजाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन लाल को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया है।स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी, सहरसा के पत्रांक 398 दिनांक 15 सितंबर 2026 के माध्यम से घटना की रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सदर अस्पताल में मध्याह्न भोजन से बीमार हुए बच्चों की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडियाकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट करने तथा घटना स्थल पर पहले से स्थापित सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को मिटाने का आरोप प्रतिवेदित किया गया था।अधिसूचना के अनुसार, मामले की जांच के बाद सक्षम प्राधिकार ने डॉ. सुशील कुमार आजाद और डॉ. रोशन लाल को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार में योगदान करने का निर्णय लिया है।विभाग ने डॉ. सुशील कुमार आजाद, प्रभारी अधीक्षक एवं डॉ. रोशन लाल, चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल सहरसा को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार (मुख्यालय) में योगदान करना सुनिश्चित करें। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इसके लिए सक्षम प्राधिकार का अनुमोदन प्राप्त है।स्वास्थ्य विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि महालेखाकार, जिला पदाधिकारी सहरसा, कोषागार पदाधिकारी, क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, कोशी प्रमंडल सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है। विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशन के लिए भी इसकी प्रति भेजी गई है।

