मधुबन: नगर पंचायत के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित सुदामा ज्वेलर्स में शनिवार दोपहर बाद जेवर खरीदने के बहाने पहुंचे दो बदमाश करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के झुमके लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने दुकानदार को झुमका तौलने में उलझाया और मौका मिलते ही डिब्बे में रखे 17 जोड़े यानी 34 पीस सोने के झुमके लेकर बाइक से भाग निकले। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई।
झुमका तौलने में व्यस्त हुआ दुकानदार, डिब्बा लेकर भागा बदमाश
दुकान के प्रोपराइटर वाजितपुर निवासी पारस साह ने पुलिस को बताया कि दो बदमाश हंटर बुलेट से दुकान पर पहुंचे थे। बाइक दुकान के सामने खड़ी करने के बाद एक बदमाश अंदर आया और कान के जेवर देखने लगा। झुमका पसंद करने के बाद उसने दुकानदार से उसे तौलने के लिए कहा।
दुकानदार जैसे ही झुमका तौलने के लिए झुका, इसी दौरान बदमाश ने डिब्बे में रखे 17 जोड़े (34 पीस) सोने के झुमके डिब्बे समेत उठा लिए और दुकान से बाहर निकल गया। बाहर बाइक पर उसका साथी पहले से मौजूद था। दोनों बदमाश बाइक से मिडिल स्कूल की ओर भाग निकले।
दुकानदार ने शोर मचाया, लोगों ने किया पीछा
बदमाशों के भागने के बाद दुकानदार ने शोर मचाया। आसपास के दुकानदारों ने भी बदमाशों का पीछा किया, लेकिन दोनों बाइक सवार मौके से फरार होने में सफल रहे। पारस साह के अनुसार, बदमाश करीब 35 ग्राम वजन के सोने के झुमके लेकर गए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ज्वेलर्स की दुकान समेत आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस बाइक और बदमाशों की गतिविधियों के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में दुकानदार पारस साह ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

