मंगलवार, 17 नवंबर 2026 LIVE Daily Breakings — खबर सबसे पहले
ताजा और भरोसेमंद खबरें
ब्रेकिंग

मोतिहारी: भैंस लेकर थाने पहुंचे बुजुर्ग की पिटाई का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश

घायल भैंस लेकर कोटवा थाने पहुंचे बुजुर्ग की थाने में पिटाई का आरोप। बेटे ने थानाध्यक्ष पर लगाया आरोप, एसपी ने एसडीपीओ से मांगी जांच रिपोर्ट।

3 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें
कोटवा में भैंस लेकर थाने पहुंचे बुजुर्ग की पिटाई का आरोप
इलाजरत बुजुर्ग के हाथ पर जख्म

खबर: गुंजा कुमारीसंपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव

मोतिहारी (डेली ब्रेकिंग्स)। घायल भैंस को लेकर कोटवा थाने पहुंचकर इंसाफ मांगने वाले बुजुर्ग रामाधार सहनी अब खुद जख्मी हालत में इलाज करा रहे हैं। उनके बेटे ने आरोप लगाया है कि कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने उनके पिता को घर से उठाकर थाने लाया और वहां लाठी और जूतों से पिटाई की। मामला सामने आने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने जांच के आदेश दिए हैं।

डेली ब्रेकिंग्स ने 14 नवंबर को कोटवा थाना पहुंची घायल भैंस, इंज्यूरी रिपोर्ट को लेकर उलझन शीर्षक से इस मामले की खबर प्रकाशित की थी। उस समय रामाधार सहनी अपनी पत्नी के साथ घायल भैंस लेकर थाने पहुंचे थे। उनका बेटे-बहू के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप था कि इसी विवाद में उनकी भैंस को पीटकर घायल कर दिया गया। तब थाने में यह सवाल भी उठा था कि किसी पशु की इंज्यूरी रिपोर्ट कैसे बनेगी।

खबर चलने के बाद थाने बुलाने का आरोप

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भैंस वाली खबर सुर्खियों में आने के बाद बुजुर्ग की बहू के पक्ष की ओर से कोटवा थाने में एक आवेदन दिया गया। इसके बाद रामाधार सहनी को थाने लाया गया। परिजनों का आरोप है कि छठ घाट वाले दिन बुजुर्ग को घर से उठाया गया, दिन भर थाने में रखा गया और उनकी पिटाई की गई। आरोप यह भी है कि शाम को यह कहते हुए छोड़ा गया कि अब भैंस लेकर थाने मत आना।

परिजनों का कहना है कि जब बुजुर्ग पहली बार भैंस लेकर थाने गए थे, तब उनके शरीर पर कोई चोट नहीं थी।

इलाज के दौरान बुजुर्ग
निजी नर्सिंग होम में इलाजरत बुजुर्ग। फोटो: परिजनों द्वारा जारी वीडियो से

बेटे ने जारी किया इलाज का वीडियो

बुजुर्ग के बेटे ने निजी नर्सिंग होम में इलाज का वीडियो जारी किया है। वीडियो से ली गई तस्वीरों में बुजुर्ग के हाथ पर जख्म दिखाई दे रहा है। बेटे ने आरोप लगाया है कि रविवार को कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार उनके पिता को घर से थाने ले गए और लाठी-जूतों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुजुर्ग का फिलहाल इलाज चल रहा है।

📢 ताज़ा खबरें सीधे WhatsApp परWhatsApp चैनल से जुड़ें

एसपी ने एसडीपीओ से मांगी रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने सदर एसडीपीओ जितेश पांडेय को जांच का निर्देश दिया है और 17 नवंबर मंगलवार शाम तक रिपोर्ट देने को कहा है। थानाध्यक्ष पर लगे आरोपों की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। इस मामले में थानाध्यक्ष का पक्ष मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी।

खबर: गुंजा कुमारी / संपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव

About The Author

Share: WhatsApp Facebook X Telegram
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को IT नियम 2021 के नियम 18 के तहत जानकारी प्रदान की गई है | Information furnished to MIB under Rule 18, IT Rules 2021
📱

Daily Breakings App

खबरों से हमेशा जुड़े रहें

अब Daily Breakings की खबरें अपने मोबाइल पर और भी आसानी से पढ़ें।

⬇️ अभी App डाउनलोड करें

✓ आधिकारिक Daily Breakings App

↑