बहादुरगंज थाना क्षेत्र में ट्रक से लूटा गया था रिफाइंड तेल, चकिया पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर की कार्रवाई।
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में ट्रक से रिफाइंड तेल लूटकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटे गए रिफाइंड तेल के 97 टीने बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को ट्रक संख्या WB6136566 पर लदे लगभग 1500 टीना रिफाइंड तेल को अज्ञात अपराधियों ने लूट लिया था। इस घटना के संबंध में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 568/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2)/311 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
मामले के उद्भेदन के लिए चकिया थाना पुलिस ने सूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई की। इसी दौरान 15 सितंबर 2026 को चकिया बाजार क्षेत्र से लूटे गए रिफाइंड तेल के 97 टीने बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में चकिया थाना क्षेत्र निवासी दो व्यवसायियों संजय मखरिया और दीपक सुल्तानिया को गिरफ्तार किया है। बरामद रिफाइंड तेल और दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए किशनगंज जिले की बहादुरगंज थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
इस छापेमारी और कार्रवाई में चकिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार, चकिया थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार, पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार, विवेक कुमार, पप्पू कुमार यादव, मौसम कुमार तथा चकिया थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा।

