अरेराज: अनंत चतुर्दशी के अवसर पर बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल प्रशासन के अधिकारियों के साथ सोमेश्वर हाई स्कूल परिसर और मंदिर प्रांगण का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

श्रद्धालुओं के ठहरने और सुविधा के लिए सोमेश्वर हाई स्कूल के मैदान में पहली बार विशाल जर्मन हैंगर लगाया गया है। जिलाधिकारी ने यहां 1000 से अधिक गद्दों की व्यवस्था करने के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टेंट लगाने का निर्देश दिया। जर्मन हैंगर और टेंट में पंखे व कूलर लगाने के अलावा पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय भी बनाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत अरेराज के कार्यपालक पदाधिकारी को शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग और निकास की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ मंदिर परिसर और मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव कम रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान मंदिर से श्रद्धालुओं के सुरक्षित बाहर निकलने के लिए दो निकास द्वार तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूरे परिसर और आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने को कहा गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में जनरेटर उपलब्ध रखने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जलाभिषेक के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि वीआईपी व्यवस्था के नाम पर अलग व्यवस्था नहीं होगी और सभी श्रद्धालुओं को जलाभिषेक का समान अवसर मिलेगा।
सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनंत चतुर्दशी को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस जवान मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे। असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि मंदिर परिसर और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर पंचायत अरेराज के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

