मोतिहारी। जमीन विवाद में इंसाफ की गुहार लगाने के लिए कोटवा थाना पहुंचे एक बुजुर्ग उस समय चर्चा का विषय बन गए, जब वह अपनी पत्नी के साथ घायल भैंस को लेकर थाने पहुंच गए। भैंस की कथित पिटाई को लेकर शिकायत करने पहुंचे बुजुर्ग की फरियाद सुन पुलिस के सामने भी एक अलग तरह की उलझन खड़ी हो गई। मामला इंसान की इंज्यूरी रिपोर्ट का नहीं, बल्कि एक पशु के घायल होने का था।
दरअसल, कोटवा थाना क्षेत्र के बझिया गांव निवासी रामाधार सहनी का अपने बेटे और बहू के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के बीच शनिवार को सास-बहू के बीच एक बार फिर कहासुनी और विवाद हो गया। इसके बाद रामाधार सहनी अपनी पत्नी के साथ घायल भैंस को लेकर सीधे कोटवा थाना पहुंच गए।
रामाधार सहनी का आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान उनकी भैंस की पिटाई की गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
भैंस की इंज्यूरी रिपोर्ट कैसे बनेगी?
थाने में भैंस को लेकर पहुंचे बुजुर्ग की शिकायत ने पुलिस के सामने एक अलग तरह का सवाल खड़ा कर दिया। घायल पशु की इंज्यूरी रिपोर्ट और ओडी स्लिप को लेकर प्रक्रिया क्या होगी, इसे लेकर उलझन की स्थिति बनी। मामला इसलिए भी अलग था, क्योंकि थाने में पशु की इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार करने का यह असामान्य प्रकरण सामने आया।
रामाधार सहनी की फरियाद साफ थी कि जमीन विवाद में उनकी भैंस को चोट पहुंचाई गई है और अब पुलिस इस मामले में न्याय करे।
फिलहाल, भैंस को लेकर थाने पहुंचे बुजुर्ग का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
