Thursday, 17 September 2026 LIVE DB Breakings — खबर सबसे पहले
मोतिहारी और बिहार की ताजा खबरें
BREAKING

मोतिहारी में बड़ी लूट की साजिश नाकाम, ओडिशा के पांच अंतरराज्यीय अपराधी हथियारों के साथ गिरफ्तार, लॉज संचालक पर भी एफआईआर

3 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें

मोतिहारी. पूर्वी चंपारण पुलिस ने शहर में बड़ी लूट की वारदात को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने ओडिशा से आए पांच अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी अपराधी शहर में किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। मामले में अपराधियों को ठहराने और उन्हें संरक्षण देने के आरोप में संबंधित लॉज संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर स्थित होटल सिटी इंटरनेशनल के पीछे कुछ संदिग्ध अपराधियों के जुटने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और पांचों अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस, चोरी की दो मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन, दो मास्टर चाबी तथा दो नंबर प्लेट बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद दोनों बाइक चोरी की हैं और अपराधी इन्हीं वाहनों का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले के ओउल अजीज, डी. गांधी और मकला दिलीप तथा जाजपुर जिले के जीतू राय प्रधान और किशोर प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ ओडिशा के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

लॉज मालिक पर भी कसा शिकंजा

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अपराधियों को स्थानीय स्तर पर एक लॉज में ठहराया गया था। अपराधियों को संरक्षण देने और सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने के आरोप में संबंधित लॉज संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस मामले में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

होटल-लॉज संचालकों को एसपी की सख्त चेतावनी

एसपी ने जिले के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उनके यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र लेना और इसकी सूचना संबंधित थाना को देना अनिवार्य है। यदि कोई संचालक बिना सत्यापन के किसी व्यक्ति को ठहराता है अथवा पुलिस को इसकी जानकारी नहीं देता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जिलेभर में होटल और लॉज की नियमित जांच करेगी तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Advertisement
Helioxen technologies
Enable Notifications OK No thanks