Friday, 18 September 2026 LIVE DB Breakings — खबर सबसे पहले
मोतिहारी और बिहार की ताजा खबरें
BREAKING

मोतिहारी चेंबर ऑफ कॉमर्स का 28वां पदस्थापन सह सम्मान समारोह आयोजित

3 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें

– नए पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार, प्रशासन–व्यवसायी समन्वय पर दिया गया जोर

मोतिहारी।चंपारण जिले के व्यवसायियों के प्रमुख संगठन मोतिहारी चेंबर ऑफ कॉमर्स का 28वां वार्षिक पदस्थापन सह सम्मान समारोह नगर के रामसन प्लाजा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीआईजी चंपारण प्रक्षेत्र हरकिशोर राय ने किया। मुख्य वक्ता लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्याम भीमसरिया रहे। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सौरव जोरवाल और विशिष्ट अतिथि जिला प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार सिंह थे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह की शुरुआत की।समारोह में अध्यक्ष अंगद सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए आभार जताया।

महासचिव आलोक कुमार ने सालभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर तीन वार्षिक सम्मान दिए गए। उत्कृष्ट नागरिक सम्मान उद्योगपति राजेंद्र गुप्ता को, उत्कृष्ट पुलिस पदाधिकारी सम्मान टाउन थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार को तथा उत्कृष्ट सरकारी पदाधिकारी सम्मान पूर्व नगर निगम आयुक्त सौरभ सुमन यादव को प्रदान किया गया।मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सौरव जोरवाल ने कहा कि प्रशासनिक विभागों को इस तरह सम्मानित किया जाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि व्यापारी जिले के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और चेंबर की समस्याओं को मुख्यालय तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार के निर्देश पर अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आम लोग किसी भी सरकारी अधिकारी से मिल सकेंगे।

डीआईजी हरकिशोर राय ने पुलिस और व्यवसायियों के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने यातायात सुधार और बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक के लिए सीसीटीवी लगाने में चेंबर व आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है।मुख्य वक्ता श्याम भीमसरिया ने कहा कि चेंबर शासन और प्रशासन के बीच सेतु बनकर व्यवसायियों की आवाज उठाता है। उन्होंने बिहार में उद्योग जगत की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि कई उद्यमी आर्थिक दबाव में हैं। उन्होंने चनपटिया टेक्सटाइल मॉडल की तरह मोतिहारी में भी औद्योगिक मॉडल विकसित करने की मांग की।

नवपदस्थापित अध्यक्ष महेश सिन्हा ने कहा कि सत्र 2026 में वे सभी व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता देंगे। महासचिव पद पर आलोक कुमार को लगातार दूसरी बार जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता और सुरेश चंद्र, सह सचिव विनय देवकुलियार, कोषाध्यक्ष अनिल बोहरा तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अरविंद सर्राफ, सुनील कुमार श्रीवास्तव, चंदू मिश्रा, सुधांशु रंजन, डॉ. कमलेश कुमार, हेमंत कुमार, मेहुल लाल और अनिल अग्रवाल को शामिल किया गया।उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने शहर को कचरा मुक्त, जाम मुक्त और जलजमाव से मुक्त करने के लिए कार्रवाई का भरोसा दिया। वर्षभर की सक्रियता के लिए महासचिव आलोक कुमार को उत्कृष्ट कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष कुमार ने किया, जबकि संस्थापक अध्यक्ष बीरेंद्र जालान ने सहयोग किया। अंत में पूर्व अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ अध्यक्ष महेश सिन्हा ने सभा के समापन की घोषणा की।समारोह में रेड क्रॉस सोसाइटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, मारवाड़ी युवा मंच, विभिन्न बाजार एवं प्रखंडों के चेंबर ऑफ कॉमर्स, सिटीजन फोरम, भारत विकास परिषद, नीमा सहित कई सामाजिक-व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी मौजूद रहे। यह जानकारी महासचिव एवं मीडिया प्रभारी आलोक कुमार ने दी।

About The Author

Advertisement
Helioxen technologies
Enable Notifications OK No thanks