पूर्वी चंपारण के ढाका में पुलिस ने बिसरहिया के पास की कार्रवाई, आरोपी का संपर्क पाकिस्तान के नेटवर्क से निकला।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ढाका थाना पुलिस ने क्रॉस-बॉर्डर आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पुलिस को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और प्रतिबंधित आतंकी गुर्गों से डिजिटल संपर्क की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर 26 सितंबर की रात थानाध्यक्ष ढाका के पुलिस निरीक्षक राजरूप राय के नेतृत्व में बिसरहिया गांव के पास छापेमारी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास कर रहे संदिग्ध को मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया निवासी समसुल हक के 22 वर्षीय पुत्र मो० सेराज आलम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक रेडमी 5जी एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जांच में मोबाइल के अंदर आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े वीडियो, फोटो और देशविरोधी रील्स मौजूद पाए गए हैं।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क के अली गुज्जर के संपर्क में था और लगातार उससे जुड़ा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की जांच में जुटी है और बरामद मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
इस छापेमारी दल में सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार, थानाध्यक्ष राजरूप राय, अपर थानाध्यक्ष मो० खलील, डीआईयू मोतिहारी के पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णमोहन कुमार, सिपाही 299 सुजीत कुमार, सिपाही बलराम चौधरी और ढाका रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

