दीपावली की रात जब गांव में रोशनी और जश्न का माहौल था, उसी दौरान कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को गांव से दूर खेत में दफना दिया। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव बरामद किया। घटना के बाद से परिवार के कई सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
मामले की शुरुआती जानकारी के अनुसार, गांव की नाबालिग लड़की का एक अन्य नाबालिग से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते को लेकर परिवार में विरोध चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद में दीपावली के दिन लड़की की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को सुनसान खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
गांव में चर्चा के बाद पुलिस तक पहुंची सूचना
गांव में घटना को लेकर चर्चा शुरू होने के बाद किसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर लड़की की हत्या और शव दफन किए जाने की सूचना दी। पुलिस टीम जब लड़की के घर पहुंची तो परिवार के अधिकांश सदस्य वहां नहीं मिले। घर में मौजूद उसके भाई से पूछताछ की गई। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस खेत तक पहुंची।
इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान नाबालिग का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होने की उम्मीद है।
दो महीने से बातचीत बंद होने का प्रेमी का दावा
मामले में लड़की के कथित प्रेमी ने भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा है। युवक का दावा है कि वह पिछले दो महीने से लड़की से फोन पर बात नहीं कर रहा था। दीपावली की रात वह अपना बोनस का पैसा लेने एक रिश्तेदार के पास गया था, जिसका घर लड़की के घर के आसपास है। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई की।
युवक के इस बयान के बाद दीपावली की रात हुई घटनाओं और उसके साथ कथित मारपीट की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, हत्या की गई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है और शव को खेत में किसने दफनाया, इन सवालों के जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।
