मोतिहारी: मधुबन पंचायत की विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी खजाने से 45 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के मामले में तत्कालीन पंचायत सचिव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तेतरिया प्रखंड की पुनास-लहलादपुर पंचायत से जुड़े इस मामले में गिरफ्तार ब्रह्मदेव राम उर्फ बीडी राम लंबे समय से फरार चल रहे थे। उन पर वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2020-21 के बीच 45 लाख 25 हजार 367 रुपये के गबन का आरोप है।
मामले में ईंट सोलिंग, पीसीसी निर्माण, डस्टबिन और सोलर लाइट योजनाओं की राशि में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। परिवाद के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2018-19 में ईंट सोलिंग और पीसीसी योजना के नाम पर 10 लाख 11 हजार 300 रुपये की निकासी की गई। वर्ष 2019-20 में इसी मद में 2 लाख 70 हजार रुपये निकाले गए। वहीं, 2020-21 में पुरानी ईंट सोलिंग योजना को नई योजना दिखाकर 2 लाख 70 हजार रुपये की निकासी करने का आरोप है।
डस्टबिन योजना में 10 लाख 24 हजार 67 रुपये की कथित गड़बड़ी बताई गई है। वहीं, सोलर लाइट की दो योजनाओं में क्रमशः 13 लाख 20 हजार और 6 लाख 30 हजार रुपये के गबन का आरोप है। इन सभी योजनाओं को मिलाकर कथित अनियमितता की राशि 45,25,367 रुपये बताई गई है।
तत्कालीन मुखिया समेत पांच लोगों पर केस
पुनास-लहलादपुर निवासी पंचायत समिति सदस्य साकिब ने इस मामले में न्यायालय में परिवाद दायर किया था। परिवाद संख्या 788/22 में तत्कालीन पंचायत सचिव ब्रह्मदेव राम उर्फ बीडी राम, तत्कालीन मुखिया रंजीत प्रसाद समेत पांच लोगों को आरोपित किया गया था। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, मोतिहारी के न्यायालय के आदेश पर मधुबन थाना में कांड संख्या 229/22 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, पंचायत सचिव लंबे समय से फरार चल रहे थे। मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
