मोतिहारी: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई में गिरफ्तार चंपारण डाक प्रमंडल के डाक अधीक्षक एसएस सुमन पर एक डाक सहायक को विरमित करने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। इस मामले में शिकायतकर्ता मलाही पोस्ट ऑफिस में तैनात डाक सहायक राहुल झा हैं। उनका तबादला Rule 38 के तहत दरभंगा स्थित उनके गृह क्षेत्र में हुआ था, लेकिन आरोप है कि तबादले के बाद उन्हें विरमित करने के लिए रिश्वत मांगी गई।
जानकारी के अनुसार, राहुल झा तबादले के बाद लगातार डाक अधीक्षक कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे और विरमित करने का अनुरोध कर रहे थे। आरोप है कि इसी काम के एवज में एसएस सुमन ने उनसे एक लाख रुपये की मांग की। इसके बाद राहुल झा ने पूरे मामले की लिखित शिकायत सीबीआई से की।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच की। आरोपों की पुष्टि होने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाया। बुधवार की देर शाम जब राहुल झा कथित तौर पर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दे रहे थे, तभी सीबीआई की टीम ने कार्रवाई करते हुए डाक अधीक्षक एसएस सुमन को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम डाक अधीक्षक के साथ कार्यालय में मौजूद स्टाफ क्लर्क अभिषेक कुमार नीरज को भी अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी के बाद टीम ने डाक अधीक्षक कार्यालय में कागजातों की जांच की और जरूरी दस्तावेज खंगाले। इसके बाद दोनों को अपने साथ पटना ले गई। हालांकि, स्टाफ क्लर्क की भूमिका और उनके खिलाफ किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस कार्रवाई के बाद चंपारण डाक प्रमंडल में हड़कंप मचा हुआ है। छापेमारी में शामिल सीबीआई अधिकारियों ने मौके पर मामले को लेकर विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया।
पहले भी प्रकाशित हुई थी गिरफ्तारी की खबर
गौरतलब है कि बुधवार को ही डाक अधीक्षक एसएस सुमन की 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तारी की खबर प्रकाशित की गई थी। अब इस मामले में शिकायतकर्ता, तबादले के बाद विरमित करने की प्रक्रिया और कथित एक लाख रुपये की मांग से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आई है।
