नंद हाई स्कूल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय बालिका विद्यालय के पास कार्रवाई, पुलिस ने दी सख्त कानूनी चेतावनी
मोतिहारी पुलिस ने ‘सुरक्षित बेटियाँ, सशक्त समाज’ संकल्प के अंतर्गत संचालित ‘पुलिस दीदी’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सुगौली थाना क्षेत्र से छात्राओं के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करने वाले 06 मनचलों को गिरफ्तार/निरुद्ध किया गया है। यह कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम द्वारा अमल में लाई गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सुगौली थाना अंतर्गत नंद हाई स्कूल एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय बालिका विद्यालय के पास की गई। पुलिस टीम ने इन दोनों विद्यालयों के आस-पास संदिग्ध रूप से घूम रहे और छात्राओं को परेशान कर रहे मनचलों को रंगे हाथों पकड़कर थाने लाया।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के संबंध में आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है और उनके विरुद्ध विधि सम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। मोतिहारी पुलिस ने चेतावनी दी है कि मोरल पुलिसिंग, छेड़खानी, बिना अनुमति के फोटो/वीडियो बनाने और पहनावे या दोस्ती के नाम पर रोक-टोक कर रास्ता रोकने वालों के विरुद्ध BNS, POCSO, J.J. Act और IT Act की गंभीर धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अभद्र हरकत पर खामोशी तोड़ें और तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि लोग कानून हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की मारपीट के बजाय तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचित करें। विद्यालय परिसर या आस-पास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस को दी जाए। मोतिहारी पुलिस ने दोहराया है कि बेटियों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और इस दिशा में ‘जीरो टॉलरेंस’ का रुख बरकरार रहेगा।
About The Author
ShriGanesh Kundli · HELIOXEN TECHNOLOGIES

