22 से 26 सितंबर तक पूरे मोतिहारी शहर और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध, 25 सितंबर को गांधी मैदान में होगा सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का एयर शो
मोतिहारी, पूर्वी चंपारण: भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग एक्टिविटीज को लेकर मोतिहारी शहर और आसपास के क्षेत्रों में 22 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक अस्थायी रेड जोन (Temporary Red Zone/No Drone Fly Zone) घोषित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस अवधि में निर्धारित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर फोर्स स्टेशन गोरखपुर के डिप्टी सीनियर ATC ऑफिसर विंग कमांडर श्री अश्विनी दुबे ने 7 सितंबर 2026 को ई-मेल के माध्यम से पूर्वी चंपारण जिले में भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग एक्टिविटीज की सूचना दी थी। साथ ही निर्धारित क्षेत्र में नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित करने का अनुरोध किया गया था।
ई-मेल में दी गई जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर से 26 सितंबर तक गांधी मैदान, मोतिहारी (263740-15N/0845400-25E) के आसपास भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग एक्टिविटीज निर्धारित हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से संपूर्ण मोतिहारी शहर एवं आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रेड जोन घोषित किया गया है।
25 सितंबर को होगा सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का एयर शो
गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (SKAT) 25 सितंबर 2026 को मोतिहारी में हवाई प्रदर्शन करने वाली है। टीम के 9 हॉक MK-132 विमान आसमान में शानदार एरोबैटिक करतब दिखाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान विमानों द्वारा लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और DNA मैन्युवर जैसे रोमांचक करतब दिखाए जाने की जानकारी पहले प्रकाशित खबर में दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्धारित अवधि में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लागू रहेगा। ड्रोन संचालकों को इस संबंध में जारी आदेश का पालन करना चाहिए।
🔗 संबंधित खबर
मोतिहारी में सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के एयर शो से जुड़ी हमारी पिछली खबर यहां पढ़ें:
मोतिहारी में 25 सितंबर को भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम दिखाएगी हवाई करतब

