शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 LIVE Daily Breakings — खबर सबसे पहले
ताजा और भरोसेमंद खबरें
ब्रेकिंग
अररिया में दोस्त ने दोस्त के सिर में मारी गोली, रुपये के विवाद में हत्या; ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा•जदयू MLC खालिद अनवर ने कहा देश बुलडोजर से नहीं, अंबेडकर के संविधान से चलेगा•बिहार में हर ई-चालान पर निजी एजेंसी को मिलेंगे 350 रुपये, रोज 5 हजार चालान की सीमा तय•छठ पर पूर्वी चंपारण में सुरक्षा का बड़ा इंतजाम, 1029 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की रहेगी तैनाती•मैथिली ठाकुर के पिता के खिलाफ प्रशासन का एक्शन, मापी में सरकारी रास्ते पर मिला अतिक्रमण; तोड़ा गया पक्का निर्माण•ढाका के चंद्रहिया में मातम, 8 वर्षीय दिव्यांशु की हत्या से दहला गांव; दो दिन से लापता मासूम का पोखर में मिला शव•

छठ पर पूर्वी चंपारण में सुरक्षा का बड़ा इंतजाम, 1029 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की रहेगी तैनाती

प्रमुख घाटों पर सादे लिबास में पुलिस की निगरानी, 22 अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष बनेंगे; पटाखों और निजी नावों के परिचालन पर रोक

4 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें
IMG-20261113-WA0026

खबर व संपादन: धीरज श्रीवास्तव

मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले के 1029 चिह्नित स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। प्रमुख छठ घाटों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे। संवेदनशील और चिह्नित घाटों पर एसडीआरएफ की टीम तथा आपदा मित्रों की भी तैनाती की जाएगी।

जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, छठ पर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व के दौरान घाटों, बाजारों, हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

छह अनुमंडलों में सुरक्षा की जिम्मेदारी

जिले के छह अनुमंडलों में सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रतिनियुक्ति की गई है। मोतिहारी अनुमंडल में 296, पकड़ीदयाल में 114, अरेराज में 235, चकिया में 117, सिकरहना में 218 और रक्सौल में 49 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। आवश्यकता पड़ने पर थानाध्यक्षों को अपने स्तर से भी अतिरिक्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया है।

शहरी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ और छठ घाटों पर लगातार निगरानी रखने के लिए सेक्टर बनाए गए हैं। इसके लिए सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट मोड में रहने और लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।

22 स्थानों पर अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष

श्रद्धालुओं की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में 22 चिह्नित स्थानों पर अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें मोतिहारी अनुमंडल में 10, सिकरहना में तीन, चकिया में दो, पकड़ीदयाल में दो, अरेराज में दो और रक्सौल में तीन स्थान शामिल हैं।

इसके अलावा जिला स्तर पर 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां तीन पालियों में पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06252-242418 जारी किया गया है। किसी भी आपात स्थिति या अप्रिय घटना की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।

पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध

प्रशासन ने छठ घाटों और पूजा स्थलों के आसपास पटाखों की बिक्री तथा पटाखे छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया है। प्रमुख घाटों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं से पटाखे नहीं छोड़ने की अपील की जाएगी। निजी नावों के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है।

📢 ताज़ा खबरें सीधे WhatsApp परWhatsApp चैनल से जुड़ें

भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त रोशनी, अतिरिक्त सुरक्षित रास्ते और लाउडस्पीकर से समय-समय पर सूचना प्रसारित करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। महत्वपूर्ण घाटों पर जरूरत के अनुसार वाच टावर, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफर की व्यवस्था भी की जाएगी।

घाटों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था

सिविल सर्जन को जिला नियंत्रण कक्ष और सभी प्रमुख छठ घाटों पर एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं तथा मेडिकल टीम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, अग्निशमन पदाधिकारी को सभी जरूरी सुविधाओं से लैस अग्निशमन वाहन जिला नियंत्रण कक्ष में तैनात रखने को कहा गया है।

विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को मोतिहारी, चकिया और रक्सौल क्षेत्र के घाटों पर पूजा समितियों की ओर से की गई बिजली व्यवस्था की जांच करने और खामियों को समय रहते दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है।

नदी और खतरनाक तालाबों वाले घाटों पर मोटरबोट, नाविक, महाजाल, रस्सा और गोताखोरों की व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक, गुंडा और सांप्रदायिक तत्वों के विरुद्ध पहले से ही निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को अफवाह के कारण भीड़ अनियंत्रित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने को कहा गया है। शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिलेवासियों से छठ महापर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।

About The Author

Share: WhatsApp Facebook X Telegram
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को IT नियम 2021 के नियम 18 के तहत जानकारी प्रदान की गई है | Information furnished to MIB under Rule 18, IT Rules 2021
📱

Daily Breakings App

खबरों से हमेशा जुड़े रहें

अब Daily Breakings की खबरें अपने मोबाइल पर और भी आसानी से पढ़ें।

⬇️ अभी App डाउनलोड करें

✓ आधिकारिक Daily Breakings App

↑