अररिया। अररिया नगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप एक होटल में रुपये के लेनदेन के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक के दोस्त ने ही उसके सिर में गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने गोली चलाने वाले आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की है।
मृतक की पहचान मंगल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गोली मारने के आरोप में पकड़े गए युवक का नाम मोहम्मद असगर बताया गया है। अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों युवक दोस्त थे। उनके बीच रुपये के लेनदेन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
जानकारी के अनुसार, घटना नगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप स्थित एक होटल की है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने कथित तौर पर गोली चलाने वाले युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने पिस्टल और खोखा किया बरामद
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान गोली का खोखा बरामद किया। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
