मृतक की पहचान समस्तीपुर के सन्नी कुमार के रूप में हुई; पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार।
मोतिहारी के चकिया-मधुबन मुख्य सड़क किनारे बारा गोविंद गांव के पास शनिवार को स्लुइस गेट के समीप एक 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के दिगंबर गांव निवासी सन्नी कुमार के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, हालांकि मौत की सही वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शनिवार सुबह बकरी चराने निकले ग्रामीणों ने स्लुइस गेट के पास पड़ा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सिर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस ने इस घटना को संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल चकिया और गड़हिया थाना क्षेत्र की सीमा के पास स्थित होने की वजह से शुरुआती स्तर पर कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसडीपीओ संतोष कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और चकिया पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निर्देश मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है कि सन्नी कुमार घटनास्थल तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसके सिर पर चोट कैसे लगी। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा, फिलहाल पुलिस ने हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

