मुंबई डेस्क: बैंक कर्मचारियों के प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। 28 सितंबर से देशभर के सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में प्रस्तावित यह हड़ताल अब नहीं होगी। बैंक कर्मचारी संगठनों और इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन (IBA) के बीच हुई बातचीत के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
27 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्षों के बीच हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा हुई। बातचीत के दौरान प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश देने की मांग को लेकर आगे प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। इसके लिए IBA की ओर से एक समिति गठित करने का आश्वासन दिया गया है।
बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार अवकाश की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर 28 सितंबर से तीन दिनों की हड़ताल का ऐलान किया गया था। बातचीत के बाद संगठनों ने फिलहाल हड़ताल स्थगित कर दी है।
अब समिति की प्रक्रिया और आगे होने वाली बातचीत के आधार पर इस मांग पर अगला फैसला लिया जाएगा।
बैठक में क्या तय हुआ
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की हड़ताल और उसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया था। यूएफबीयू में सात संगठन – एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बीईएफआई, आईएनबीईएफ और आईएनबीओसी शामिल हैं। यूनियनों की मुख्य मांगें पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करना, स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना में बदलाव और लंबित मुद्दों का निपटारा थीं।
यूएफबीयू के परिपत्र के अनुसार, 27 सितंबर को हुई बैठक में तय हुआ कि आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति तुरंत बनाई जाएगी, जो बाकी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार करेगी। यह समिति सभी विकल्पों पर विचार करेगी और ग्राहकों समेत सभी पक्षों से बात कर ऐसा समाधान निकालेगी, जो सभी को स्वीकार्य हो। पीएलआई योजना में बदलाव के प्रस्ताव पर भी आईबीए के साथ बातचीत शुरू होगी और 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज बाकी मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
गौरतलब है कि मौजूदा व्यवस्था में बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। यूएफबीयू के अनुसार आईबीए पहले ही सरकार से सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की सिफारिश कर चुका है और 8 मार्च 2024 के समझौते में दर्ज था कि कामकाज के घंटों में बदलाव सरकार की मंजूरी के बाद लागू होगा।
ग्राहकों पर क्या असर
हड़ताल टलने के बाद बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 28 सितंबर को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में बताया कि 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल और 26 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल दोनों टाल दी गई हैं और बैंक की सभी शाखाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं। यूएफबीयू ने अपने परिपत्र में साफ किया है कि यह फैसला हड़ताल टालने का है, मांगें छोड़ने का नहीं।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट: डिजिटल अरेस्ट में बैंक की चूक पर पूरा मुआवजा | उपभोक्ता आयोग का आदेश: को-ऑपरेटिव बैंक को ग्राहक को 8.20 लाख रुपये देने का निर्देश | टॉप न्यूज़
