बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में मैट्रिक पास युवाओं के लिए पैरा लीगल वॉलंटियर बनने का अवसर आया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम चंपारण की ओर से 150 पैरा लीगल वॉलंटियर के चयन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके तहत बेतिया में 100 और बगहा में 50 लोगों का चयन किया जाएगा। आवेदन की प्रक्रिया 18 नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 शाम पांच बजे तक ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
10वीं पास जिले के निवासी कर सकते हैं आवेदन
पैरा लीगल वॉलंटियर के लिए न्यूनतम योग्यता मैट्रिक पास रखी गई है। आवेदक भारतीय नागरिक होने के साथ पश्चिम चंपारण जिले का निवासी होना चाहिए। अभ्यर्थी स्वस्थ, अच्छे चरित्र का और सामाजिक सेवा में रुचि रखने वाला होना चाहिए। इस चयन में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
कहां कितने लोगों का होगा चयन
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत बेतिया में 100 तथा बगहा में 50 पैरा लीगल वॉलंटियर का चयन किया जाना है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में अपना विवरण भरकर शैक्षणिक एवं अन्य जरूरी प्रमाणपत्रों की प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
नियमित वेतन नहीं, विशेष कार्य पर 750 रुपये
यह चयन किसी नियमित सरकारी पद पर नियुक्ति नहीं है। पैरा लीगल वॉलंटियर को नियमित वेतन या मानदेय नहीं दिया जाएगा। विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से सौंपे गए विशेष कार्य अथवा विधिक जागरूकता शिविरों में सक्रिय भागीदारी के दिनों के लिए 750 रुपये प्रतिदिन दिए जाने का प्रावधान है। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले इस शर्त को ध्यान से समझ लें।
30 नवंबर तक ऑफलाइन जमा करना होगा आवेदन
आवेदन निर्धारित प्रारूप में भरकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम चंपारण के सचिव के कार्यालय, एडीआर भवन, सिविल कोर्ट परिसर, बेतिया में जमा किया जा सकता है। बगहा के अभ्यर्थी अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति, बगहा में भी आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन 30 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। लिफाफे पर पंचायत और प्रखंड का नाम अंकित करना जरूरी है।
आवेदन फॉर्म और भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी पश्चिम चंपारण जिला न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
