बेतिया: पश्चिम चंपारण के बेतिया में अपराधियों ने दुस्साहस की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में दिनदहाड़े आठ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। तीन बाइक से पहुंचे बदमाश हथियारों के बल पर शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों तथा वहां मौजूद ग्राहकों को कब्जे में लेकर करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए गहनों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन स्टॉक मिलान के बाद ही स्पष्ट होगा।
हथियार के बल पर सभी को बनाया बंधक
बताया जा रहा है कि तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों की संख्या करीब आठ थी। सभी हथियारों से लैस थे। शोरूम में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण समेटने लगे। वारदात के दौरान विरोध करने पर कुछ लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। लूटपाट के बाद सभी अपराधी बाइक से फरार हो गए।
डीआइजी और एसपी पहुंचे, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के डीआइजी और पश्चिम चंपारण के एसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और कर्मचारियों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के आने और फरार होने के रास्तों की भी जांच की जा रही है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हैं।
कारोबारियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
शहर के व्यस्त व्यावसायिक इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट से कारोबारियों में दहशत का माहौल है। करोड़ों रुपये के आभूषणों से भरे शोरूम में हथियारबंद अपराधियों का इस तरह घुसना और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। कारोबारियों के बीच अब प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी में जुटी है।
