मोतिहारी। शहर की मिठाई दुकानों पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच की आंच पहुंची। स्वास्थ्य सह खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर पटना से आई स्पेशल टीम ने तीन प्रतिष्ठानों में औचक जांच कर 3,120 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की, जबकि खराब पाई गई 170 किलोग्राम सामग्री मौके पर नष्ट कराई। विभाग के अनुसार जब्त और नष्ट सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4,40,940 रुपये है। छह खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए पटना भेजे गए हैं।
टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और लाइसेंस के अनुरूप कारोबार की स्थिति भी देखी। जांच के दायरे में खोया, मिल्क केक, डोडा, सोनपापड़ी, शाही लड्डू, बर्फी, पेड़ा और किशमिश समेत कई सामग्री आई।
- तीन प्रतिष्ठानों में औचक जांच
- 3,120 किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त, कीमत 3,62,640 रुपये
- 170 किलो खराब सामग्री नष्ट, कीमत 78,300 रुपये
- कुल 3,290 किलो सामग्री, अनुमानित कीमत 4,40,940 रुपये
- छह खाद्य पदार्थों के नमूने लैब भेजे गए
अन्नपूर्णा पिज्जा हट: 130 किलो संदिग्ध खोया जब्त
टीम ने सबसे पहले पानी टंकी स्थित अन्नपूर्णा पिज्जा हट की जांच की। यहां 130 किलोग्राम संदिग्ध खोया मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 78 हजार रुपये बताई गई है। इसे जब्त कर लिया गया। यहां 50 किलोग्राम मिल्क केक भी मिला, जिस पर बैच नंबर, पैकिंग डेट और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी। स्थिति खराब पाए जाने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया।
जांच में प्रतिष्ठान की साफ-सफाई में कमी पाई गई। टीम के अनुसार लाइसेंस में केवल फूड सर्विस की अनुमति होने के बावजूद वहां मैन्युफैक्चरिंग का काम होने की बात सामने आई।
मां अन्नपूर्णा स्वीट्स एंड बेकरी में भी जांच
इसके बाद टीम मां अन्नपूर्णा स्वीट्स एंड बेकरी पहुंची, जहां केक और किशमिश समेत अन्य सामग्री की जांच की गई। विभाग की संयुक्त जब्ती सूची में 10 किलोग्राम किशमिश शामिल है, जिसकी कीमत 4,500 रुपये बताई गई है। यहां भी खराब पाई गई सामग्री नष्ट कराई गई।
वैष्णव ट्रेडर्स से सोनपापड़ी, लड्डू और बर्फी जब्त
मीना बाजार स्थित वैष्णव ट्रेडर्स से 94 किलोग्राम सोनपापड़ी (कीमत 10,340 रुपये), 100 किलोग्राम शाही लड्डू (करीब 9 हजार रुपये), 90 किलोग्राम स्पेशल बर्फी (7,200 रुपये) और 4 किलोग्राम पेड़ा (400 रुपये) जब्त किया गया।
सबसे बड़ी खेप: 2,692 किलो मिल्क केक और डोडा
विभाग की संयुक्त जब्ती सूची के अनुसार कार्रवाई में सबसे बड़ी मात्रा मिल्क केक और डोडा की रही। दोनों की कुल 2,692 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,53,200 रुपये है। सूची में यह किस प्रतिष्ठान से कितनी जब्त हुई, इसका अलग ब्योरा नहीं दिया गया है। तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 3,120 किलोग्राम सामग्री जब्त हुई, जिसकी कीमत 3,62,640 रुपये आंकी गई है।
170 किलो खराब सामग्री मौके पर नष्ट
संयुक्त विवरण के अनुसार तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 60 किलोग्राम बेसन (6,300 रुपये), 40 किलोग्राम खोया (40 हजार रुपये) और 70 किलोग्राम मिल्क केक (32 हजार रुपये) नष्ट कराया गया। इस तरह 170 किलोग्राम सामग्री नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 78,300 रुपये है। जब्त और नष्ट सामग्री मिलाकर कुल वजन 3,290 किलोग्राम और कीमत 4,40,940 रुपये है।
छह नमूनों की होगी लैब जांच
टीम ने खोया, काजू, सोनपापड़ी, बर्फी, मिल्क केक और किशमिश के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए पटना की प्रयोगशाला ले जाया गया है। जांच टीम में तिरहुत प्रमंडल के अभिहित अधिकारी मुकेश जी कश्यप और फूड इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार शामिल थे।
फूड इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सभी संग्रहित नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
जब्त सामग्री की गुणवत्ता पर अंतिम स्थिति लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
खबर: अनीता चौधरी
संपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में ब्रांडेड फूड आउटलेट्स की रसोई की जांच | मोतिहारी की और खबरें
