बेतिया: पश्चिम चंपारण में कारोबारियों और नकदी लेकर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बुधवार को बेतिया के सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में आठ हथियारबंद अपराधियों की ओर से की गई बड़ी लूट ने जिले में पिछले एक साल के दौरान हुई आपराधिक वारदातों की याद ताजा कर दी है। इस अवधि में कहीं स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर गहने और नकदी लूटे गए तो कहीं दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी को हथियार के बल पर निशाना बनाया गया। एटीएम काटकर लाखों रुपये निकालने और सीएसपी कर्मी पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करने की घटनाएं भी सामने आईं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों के बीच अब सेंको गोल्ड की घटना ने कारोबारियों की चिंता और बढ़ा दी है।
एटीएम काटकर दो जगहों से उड़ाए 24 लाख
17 दिसंबर 2025 की रात पश्चिम चंपारण के नगर और नौतन थाना क्षेत्रों में अपराधियों ने गैस कटर से दो एटीएम काटकर करीब 24 लाख रुपये निकाल लिए थे। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे। विभागीय जांच में गश्ती में लापरवाही सामने आने के बाद तीन अवर निरीक्षकों को निलंबित किया गया, जबकि आठ अन्य पुलिसकर्मियों का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। चंपारण रेंज के डीआइजी ने बैंकों, एटीएम और आभूषण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर गश्ती प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए थे।
सीएसपी कर्मी पर चाकू से हमला कर लूट ली बाइक और नकदी
16 दिसंबर 2025 को लौरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सीएसपी कर्मी पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली थी। घटना में कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद मार्च 2026 में महाराष्ट्र के मुंबई से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार छोड़कर मुंबई चले गए थे। तकनीकी साक्ष्य और सूचना के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई।
दुकान बंद कर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी को बनाया निशाना
24 मई 2026 को योगापट्टी थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी मोहन सोनी को निशाना बनाया। वह फतेहपुर चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जटहवा पोखरा मटकोटा के पास तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। बैग में बिक्री के करीब 50 हजार रुपये नकद के अलावा लाखों रुपये के आभूषण थे। अपराधियों ने जाते समय फायरिंग भी की।
स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर लूटे गहने और नकदी
1 सितंबर 2026 को सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ-दोकनपुर नहर के समीप बदमाशों ने आभूषण व्यवसायी गोविंद कुमार साह को गोली मार दी। वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अपराधी उनके पास से करीब चार लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। गोली व्यवसायी के सीने में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए मोतिहारी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दो लूट के बाद तीसरी वारदात की तैयारी, नौ अपराधी गिरफ्तार
जून 2026 में भैरोगंज थाना क्षेत्र के हरहा नदी किनारे पुलिस ने लूट की साजिश रच रहे नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने रामनगर और भैरोगंज थाना क्षेत्रों में हुई लूट की दो घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। इनके पास से दो पिस्टल, कारतूस, एक तमंचा, धारदार हथियार, चाकू और लूट में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की गई थीं। पुलिस ने इनके पास से लूट के 11,740 रुपये भी बरामद किए थे।
अब शोरूम की सुरक्षा पर सबसे बड़ा सवाल
इन घटनाओं के बीच 18 नवंबर को बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े आठ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। शुरुआती आकलन में लूटे गए आभूषणों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि वास्तविक कीमत का आकलन होना बाकी है। तीन बाइक से पहुंचे अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिस की गश्ती, कारोबारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब चुनौती केवल सेंको गोल्ड लूटकांड का पर्दाफाश करना नहीं, बल्कि जिले के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, एटीएम और नकदी लेकर चलने वाले कारोबारियों की सुरक्षा का भरोसा बहाल करना भी है।
