जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने बुधवार को मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। दक्षिण कश्मीर के जांगलपोरा इलाके में एक मस्जिद के भीतर छिपे आतंकी को आत्मसमर्पण के लिए सुरक्षाबलों ने कई बार मौका दिया। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो कॉल के जरिए भी उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई कार्रवाई में वह मारा गया। मस्जिद के भीतर आतंकी की मौजूदगी के कारण सुरक्षाबलों ने अभियान के दौरान विशेष संयम बरता।
सीआरपीएफ चौकी पर हमले के बाद था वांछित
लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ चौकी पर हुए हमले में संदिग्ध भूमिका को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की तलाश में था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। जांच के दौरान लतीफ और उसके सहयोगियों की गतिविधियों की जानकारी सामने आई थी। हमले से पहले इलाके में रेकी किए जाने की बात भी जांच एजेंसियों ने कही थी।
दो दिन पहले मारा गया था सहयोगी
लतीफ भट का सहयोगी उमर निसार डार 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। इसके बाद लतीफ भट की तलाश तेज कर दी गई थी। वह उस मुठभेड़ में बच निकलने में सफल रहा था। सुरक्षाबलों को मिले इनपुट के आधार पर बुधवार सुबह जांगलपोरा में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।
वीडियो फुटेज से सामने आई रेकी की गतिविधियां
जांच में सामने आया था कि हमले से पहले लतीफ भट और उमर निसार डार ने कई स्थानों पर घूमकर रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी गतिविधियों की जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियां हमले की पूरी कड़ी, स्थानीय मददगारों और आतंकियों के संपर्कों का पता लगाने में जुटी थीं। लतीफ भट की मौत को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकियों के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
