पूर्व एजेंसी हिंदुस्तान लैब का अनुबंध खत्म होने के बाद भी बंद थे कमरे, नई एजेंसी साइंस लैब को कार्य शुरू करने में आ रही थी परेशानी।
मोतिहारी के सदर अस्पताल में पैथोलॉजी लैब के संचालन को लेकर लंबे समय से बंद पड़े दो कमरों के ताले शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तोड़े गए। दोनों कमरों पर पूर्व में पीपीपी मोड के तहत पैथोलॉजी जांच की सुविधा देने वाली निजी एजेंसी ‘हिंदुस्तान लैब’ का ताला लगा हुआ था। विभाग द्वारा एजेंसी का अनुबंध रद्द किए जाने के बावजूद कमरे खाली नहीं किए गए थे, जिससे स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुबंधित नई एजेंसी ‘साइंस लैब’ को कार्य शुरू करने में परेशानी हो रही थी।
अस्पताल प्रशासन द्वारा इस समस्या की जानकारी जिला प्रशासन को दिए जाने के बाद शुक्रवार को कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन की ओर से सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेंद्र शेखर सिंह को मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। उनकी उपस्थिति में दोनों कमरों के ताले तोड़े गए।
ताला खोलने के बाद कमरों के भीतर रखे सभी सामानों की सूची तैयार की गई और उन्हें सदर अस्पताल के भंडारपाल के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान डीपीएम ठाकुर विश्वमोहन सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कमरों का कब्जा मिलने के बाद अब नई एजेंसी द्वारा पैथोलॉजी लैब का संचालन शुरू किया जा सकेगा।

